UP Labour Registration: अब सिर्फ आधार कार्ड से होगा मजदूरों का रजिस्ट्रेशन, बच्चों की पढ़ाई से लेकर शादी तक सरकार उठाएगी खर्च

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लाखों निर्माण श्रमिकों (Construction Workers) के लिए राहत भरी खबर है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यूपी सरकार के ‘भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ ने रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को बेहद आसान बना दिया है। अब श्रमिक अपने आधार कार्ड और 90 दिन काम करने के सर्टिफिकेट के आधार पर अपना पंजीयन (Registration) करा सकेंगे।

घर-घर पहुंचेगी सरकारी योजना

सरकार का मुख्य उद्देश्य उन मजदूरों तक पहुंचना है, जो जानकारी के अभाव में अब भी योजनाओं से दूर हैं। यूपी में अब तक 1 करोड़ 71 लाख से ज्यादा मजदूरों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, लेकिन विभाग चाहता है कि कोई भी पात्र श्रमिक पीछे न छूटे। इसके लिए अब निर्माण स्थलों (Construction Sites) पर जाकर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।

कौन करा सकता है रजिस्ट्रेशन?

अगर आपकी उम्र 18 से 60 साल के बीच है और आपने पिछले एक साल में कम से कम 90 दिन निर्माण मजदूर के रूप में काम किया है, तो आप इस योजना के हकदार हैं। रजिस्ट्रेशन होते ही मजदूरों के लिए सुविधाओं का पिटारा खुल जाएगा।

मिलेंगे ये बड़े फायदे:

  • बच्चों की पढ़ाई: अटल आवासीय विद्यालयों में बच्चों को मुफ्त और बेहतरीन शिक्षा।
  • शादी और बीमारी: कन्या विवाह योजना और इलाज के लिए जन आरोग्य योजना का लाभ।
  • बुढ़ापे का सहारा: महात्मा गांधी पेंशन योजना के तहत आर्थिक मदद।
  • अन्य लाभ: मातृत्व शिशु योजना और कौशल विकास ट्रेनिंग की सुविधा।

सावधान! दलालों को न दें एक भी रुपया

अक्सर देखा जाता है कि श्रम योजनाओं के नाम पर कुछ लोग मजदूरों से पैसे की मांग करते हैं। विभाग ने इसके लिए सख्त चेतावनी जारी की है। यदि कोई भी व्यक्ति आपसे पैसे मांगता है, तो आप तुरंत टोल-फ्री नंबर 18001805412 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

अटल आवासीय विद्यालयों में पढ़ रहे 11 हजार बच्चे

उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों में चल रहे अटल आवासीय विद्यालयों में इस समय निर्माण श्रमिकों के करीब 11 हजार बच्चे मुफ्त शिक्षा ले रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर मजदूर और उसका परिवार आत्मनिर्भर बने। यदि आपने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, तो अपने पास के जन सेवा केंद्र या श्रम विभाग के कार्यालय में तुरंत संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *