कवर्धा। कवर्धा राजपरिवार के ऐतिहासिक हनुमान मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर हनुमान जी की प्रतिमा पर लगा करीब 10 तोला वजनी चांदी का मुकुट पार कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला कवर्धा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत फूलवारी स्थित मंदिर का है। मंदिर के पुजारी जब पूजन के लिए पहुंचे, तब उन्हें चोरी की इस घटना का पता चला। प्रतिमा से मुकुट गायब देख उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुजारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस की टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और मंदिर परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस सुराग जुटाने में लगी
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की टीम आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि संदिग्धों का सुराग मिल सके। राजपरिवार से जुड़े इस प्राचीन मंदिर में चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।