​चारामा नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मी तेज; थमा प्रचार, आज रवाना होंगी मतदान पेटियां

संवाददाता : अनूप वर्मा, जनधारा न्यूज़

नगर पंचायत चारामा के वार्ड क्रमांक 13 में पार्षद पद हेतु होने वाले उपचुनाव के लिए कल शाम 30 मई को चुनावी शोर पूरी तरह से थम गया। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशी और उनके समर्थक अंतिम दौर के जनसंपर्क में जुट गए हैं। शेष बचे समय में प्रत्याशी घर-घर जाकर जनता से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे और अपने पक्ष में मतदान करने की भावुक अपील करेंगे।
​त्रिस्तरीय पंचायत उप-चुनाव की भी तैयारी
​नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 के साथ-साथ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भी चुनावी सरगर्मी चरम पर है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत किशनपुरी में सरपंच पद के लिए चुनाव होना है, वहीं किशनपुरी, पंडरीपानी और बसनवाही जैसी कई पंचायतों में पंच पदों के लिए भी मतदान किया जाएगा।
​पिंक बूथ और मतदान केंद्र तय
​प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और सुगम मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चारामा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 में मतदान हेतु कन्या शाला में ‘पिंक बूथ’ बनाया गया है, जो महिला मतदाताओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के लिए किशनपुरी, पदमपुर, पंडरीपानी और बसनवाही में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
​कल होगा मतदान सामग्रियों का वितरण
​कल, 31 मई को मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 के लिए मतदान पेटियों और सामग्रियों का वितरण नगर पंचायत कार्यालय से किया जाएगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंच और पंच पदों के मतदान हेतु जनपद पंचायत कार्यालय से मतपेटियां और चुनाव सामग्रियां पोलिंग पार्टियों को बांटी जाएंगी। सामग्री वितरण के बाद सभी मतदान दल अपने-अपने निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना होंगे।
​1 जून को मतदान; मतगणना के नियम अलग
​आगामी 1 जून को सुबह से सभी केंद्रों में मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। इस बार मतगणना को लेकर नियम अलग-अलग हैं। ग्राम पंचायत किशनपुरी, पदमपुर, पंडरीपानी और बसनवाही में सरपंच व पंच चुनाव हेतु मतदान समाप्ति के तुरंत बाद, नियमानुसार 1 जून को ही मतगणना कर दी जाएगी। वहीं, नगर पंचायत चारामा के वार्ड क्रमांक 13 के लिए 1 जून को मतदान होने के बाद 4 जून को मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *