रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आज प्रदेश का नया बजट पेश किया जाएगा। सदन की कार्यवाही की शुरुआत में अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व विधायक दीनदयाल पोर्ते के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके पश्चात प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप व टंकराम वर्मा अपने विभागों से संबंधित सवालों के जवाब देंगे।
सदन में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बिजली विभाग में रिक्त पदों की स्थिति और कनिष्ठ अभियंताओं की पदोन्नति से जुड़े विषयों पर जानकारी मांगी जाएगी। इसके साथ ही आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई, कोयला रॉयल्टी चोरी की जांच, मुख्यमंत्री जनदर्शन में आए आवेदनों के निराकरण और पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति पर भी चर्चा होगी। ऊर्जा क्षेत्र में तय लक्ष्यों और बड़े बकायादारों पर की गई कार्रवाई का विवरण भी सदन पटल पर रखा जाएगा।
वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप रायपुर शहर में सुगम यातायात की प्रस्तावित नीति और नंदन वन के पुनर्निर्माण से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देंगे। इसके अतिरिक्त इंद्रावती टाइगर रिजर्व और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में कराए गए विकास कार्यों, धान खरीदी की स्थिति और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर में कार्यरत कर्मचारियों से संबंधित जानकारी भी साझा की जाएगी।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के विभागों से जुड़े विषयों में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और अवैध प्लॉटिंग रोकने के लिए उठाए गए कदमों पर सवाल पूछे जाएंगे। आदिवासियों की भूमि को गैर-आदिवासियों को बेचने के मामलों, राजस्व विभाग में लंबित प्रकरणों, विश्वविद्यालयों में कथित अनियमितताओं और संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण को लेकर भी सदन में स्थिति स्पष्ट की जाएगी।