इंदौर में भीषण सड़क हादसा, पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी समेत तीन की मौत

इंदौर। शहर के रालामंडल इलाके में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार के ट्रक में घुस जाने से हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल शामिल हैं। हादसे में कार सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे रालामंडल क्षेत्र में हुआ। डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी के अनुसार, ग्रे रंग की नेक्सन कार में प्रेरणा बच्चन (26), प्रखर कासलीवाल (25), मानसंधु (26) और अनुष्का राठी सवार थे। सभी कोको फार्म में जन्मदिन पार्टी मनाने के बाद इंदौर लौट रहे थे। कार प्रखर कासलीवाल चला रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी युवक-युवती शराब के नशे में थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसा।

हादसे में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मानसंधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुष्का राठी गंभीर रूप से घायल हो गई। कार से शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं। सभी मृतक और घायल इंदौर के निवासी बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रेरणा बच्चन स्कीम नंबर 74 की निवासी थीं। उन्होंने मुंबई से एमबीए किया था और इंदौर में रहकर एमपीपीएससी की तैयारी कर रही थीं। प्रखर कासलीवाल तिलक नगर, मानसंधु भंवरकुआं और अनुष्का राठी रॉयल अमर ग्रीन क्षेत्र की रहने वाली हैं। मानसंधु के परिवार का ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है।

कांग्रेस नेता धर्मेंद्र गेंदर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी युवक-युवती घूमने निकले थे और तेजाजी नगर से पहले हादसे का शिकार हो गए। तीनों के शव एमवाय अस्पताल में रखे गए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री बाला बच्चन अस्पताल पहुंचे।

पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रेरणा का अंतिम संस्कार बड़वानी जिले के गृह गांव कासेल में किया जाएगा। परिवार और ग्रामीण अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं कासेल स्थित उनके पुश्तैनी घर पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *