नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज को सोमवार को एक धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में दावा किया गया कि कॉलेज परिसर में 13 बम लगाए गए हैं और दोपहर तक धमाके हो सकते हैं। इस सूचना के मिलते ही कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। ईमेल में सांप्रदायिक भाषा का इस्तेमाल करते हुए विशेष वर्ग के छात्रों को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
ईमेल की सामग्री और संलग्न दस्तावेजों में न केवल कॉलेज को उड़ाने की बात थी, बल्कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के परिवार के खिलाफ भी हिंसक धमकियां दी गई थीं। इसमें ‘ऑर्डर ऑफ 9 एंगल्स’ नामक संगठन का उल्लेख करते हुए सार्वजनिक रूप से दहशत फैलाने की चेतावनी दी गई है। मेल मिलने के तुरंत बाद कॉलेज के प्रिंसिपल ने पुलिस और संबंधित उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। साइबर सेल की टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद कॉलेज के छात्रों और कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई। प्रशासन ने सभी से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी की शरारत थी या कोई वास्तविक साजिश।