रायपुर। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी अमित पठानिया गुरूवार को राजधानी रायपुर पहुंचे। उन्होंने राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन से जुड़े कई अहम फैसलों और आगामी रणनीति की जानकारी दी।

पठानिया ने कहा कि आने वाले दिनों में युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया जाएगा। संगठन की संरचना में व्यापक बदलाव कर नए चेहरों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वही कार्यकर्ता जिम्मेदारी पाएंगे जो सक्रिय हैं और संगठन की कार्यप्रणाली के अनुरूप लगातार मेहनत कर रहे हैं। इस कदम से संगठन को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
वोट चोरी का मुद्दा उठा
प्रेसवार्ता के दौरान पठानिया ने देश में चल रहे वोट चोरी के मुद्दे पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के बाद कांग्रेस इस मामले से जुड़े बड़े सबूत सामने लाएगी।
बिजली संकट पर आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में हाल के दिनों में बढ़ते बिजली संकट पर भी पठानिया ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आम जनता बिजली के बढ़ते दामों से परेशान है, लेकिन सरकार समाधान निकालने में विफल रही है। यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो युवा कांग्रेस प्रदेशभर में सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे जनता की समस्याओं के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें।
संगठन को मजबूत करने का संदेश
पठानिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मजबूती युवा कांग्रेस पर निर्भर है। आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में युवा कांग्रेस की भूमिका अहम होगी। संगठन में बदलाव और आंदोलनात्मक कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को ज्यादा से ज्यादा जोड़ने की योजना है।