नेहरू नगर के सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता भिलाई । एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के छह आरोपियों को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, वाहन, मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया नेहरू नगर पश्चिम निवासी विनय कुमार अग्रवाल ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मई 2026 को वे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। अगले दिन लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला तथा अलमारी के लॉक भी टूटे हुए थे। अज्ञात चोर घर से सोना, हीरे एवं चांदी के आभूषणों के साथ लगभग 3.40 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हारिम और मोहम्मद नासिर हुसैन अपने अन्य साथियों के साथ सूने मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के आभूषण मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेच दिए गए थे तथा प्राप्त रकम का आपस में बंटवारा किया गया था।
पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में दबिश देकर हारिम, मोहम्मद नासिर हुसैन, मोहम्मद कासिम, सलीम, मोहम्मद बिलाल एवं दिन मोहम्मद को गिरफ्तार किया। आरोपियों से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन, जुपिटर एवं सेल्टोस वाहन तथा ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए। प्रकरण में सहयोगियों एवं चोरी का माल खरीदने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ के उद्देश्य से पहले सूने मकानों की रेकी की जाती थी, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला के उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक योगेश पाण्डेय सहित विशेष टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *