रायपुर।
रायपुर में आईपीएल 2026 के दो बड़े मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। 10 मई को होने वाले मुंबई इंडियंस बनाम आरसीबी मैच के टिकट बिक्री शुरू होते ही चंद मिनटों में बिक गए। हालत यह है कि 2600 रुपये वाले टिकटों के लिए मारामारी मची है और ऊंचे दाम वाले प्रीमियम टिकट भी लगभग खत्म हो चुके हैं। इस बीच टिकटों की कालाबाजारी भी जोरों पर है, जहां 3000 का टिकट 6000 रुपये तक में बेचा जा रहा है। वहीं 13 मई को होने वाले आरसीबी और केकेआर मैच के करीब 40 प्रतिशत टिकट अभी भी उपलब्ध हैं।
मुंबई इंडियंस की टीम रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव के साथ रायपुर पहुंच चुकी है, हालांकि कप्तान हार्दिक पांड्या फिलहाल टीम के साथ नहीं आए हैं। उनकी अनुपस्थिति में कप्तानी की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव संभाल सकते हैं। विराट कोहली के नेतृत्व में आरसीबी की टीम 9 मई को रायपुर पहुंचेगी और यहां पांच दिनों तक रुकेगी। सुरक्षा के मद्देनजर खिलाड़ियों के अभ्यास सत्र में दर्शकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्टेडियम और होटल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि मैच का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।