बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में नियति का एक बेहद क्रूर और दुखद चेहरा सामने आया है। जिस घर में कल बेटी की डोली उठनी थी और मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां आज पिता की अर्थी उठने की तैयारी हो रही है। बुधवार की रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाईवा ने एक ठेला चालक को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-28 निवासी 50 वर्षीय अशोक सहनी के रूप में हुई है।
बाजार से लौटते वक्त काल बना हाईवा प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक सहनी पेशे से ठेला चालक थे और कड़ी मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। बुधवार की रात वह बाजार में अपना काम निपटाकर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-31 पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनके ठेले को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक सहनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदलीं इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की बेटी की शादी कल यानी 3 अप्रैल को होनी तय थी। घर में मेहमान जुटे हुए थे और शादी की रस्में जोर-शोर से चल रही थीं। पिता अपनी लाडली को विदा करने की तैयारियों में व्यस्त थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। जैसे ही हादसे की खबर घर पहुंची, शादी के गीतों की जगह चीख-पुकार मच गई।
आक्रोशित लोगों ने किया एनएच-31 जाम हादसे से गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। बड़ी संख्या में लोगों ने एनएच-31 को जाम कर दिया और करीब 2 घंटे तक जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और फरार हाईवा चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुआ मामला स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर नगर थाना समेत कई थानों की पुलिस फोर्स को तैनात किया गया। ट्रैफिक डीएसपी और सदर बीडीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर उग्र लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के तहत उचित मुआवजा दिलाने और हर संभव कानूनी सहायता का ठोस आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और सड़क से जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन की तलाश शुरू कर दी है।