0 खाली बसों को खड़ी करने में हो सकेगा उपयोग 0
दिलीप गुप्ता सरायपाली= सरायपाली बस स्टैंड में कुछ वर्षों पूर्व बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय को आज के समय क्षतिग्रस्त व अनुपयोगी हो चुके इस प्रतीक्षालय को हटा देना चाहिए जिससे इस स्थान पर दो अन्य बसों को खड़ी किए जाने के लिए और जगह मिल सकेगी ।

नगरपालिका द्वारा कुछ वर्षों पूर्व बस स्टैंड के अंदर लाखों रुपये खर्च कर यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया था । उस वक्त भी इसके निर्माण व उपयोगिता पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी कि जब बस स्टैंड के अंदर बसें ही नहीं रुकती तो इस यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण का क्या औचित्य है किंतु अनावश्यक निर्माण से ही कमीशन के लालच में इसका निर्माण कर दिया गया । और आज इस यात्री प्रतीक्षालय की स्थिति बद से बदतर हो गई है । इसका उपयोग पास ही होटल से शराब लाकर इसे शराबियों ने चखना सेंटर बना दिया है ।

अनेक लोग जहां इसका उपयोग चखना सेंटर के रूप में उपयोग कर रहे हैं तो कई लोगों के लिए यह पार्किंग स्थल का रूप ले चुका है । रात्रि को इसका उपयोग असामाजिक तत्वों द्वारा असामाजिक गतिविधियों के लिए भी किया जाता है । पूरी तरह यह यात्री प्रतीक्षालय यात्रियों के लिए अनुपयोगी व क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण इसे पूरी तरह गिराकर जमीन समतल कर देनी चाहिए ताकि और बसे वहां खड़ी हो सके ।

एसडीओपी ललिता मेहर के कड़े निर्देश व सीएमओ दिनेश यादव के समझाइश के बाद अब सड़को में खड़ी होने वाली बसों को बस स्टैंड के अंदर लगाया जा रहा है किन्तु बस स्टैंड के अंदर अतिक्रमण व कारों के खड़ी हो जाने के कारण बसों को खड़ी किए जाने में बस संचालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ।

यह यात्री प्रतीक्षालय अब किसी काम का नहीं होने के कारण नगरपालिका को चाहिए इसे डिस्मेंटल कर उस जगह को खाली बसों के लिए जगह बना दे इससे 2 और खाली बसे खड़ी हो सकेगी । जिससे बस संचालकों को भी राहत मिल सकेगी ।