छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से, 24 फरवरी को पेश होगा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 23 फरवरी से शुरू हो रहा है, जो 20 मार्च तक चलेगा। इस सत्र के दौरान कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र की औपचारिक शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी, जिसके पश्चात कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यसूची के अनुसार, अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन में वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण और कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर 25 फरवरी को चर्चा की जाएगी। सत्र के प्रारंभ में अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक दिवंगत दीनदयाल पोर्ते को सदन की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

सत्र के मुख्य आकर्षण के रूप में वित्तीय वर्ष 2026-27 का राज्य बजट 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे विधानसभा में पेश किया जाएगा। इस पर 26 और 27 फरवरी को सामान्य चर्चा होगी, जबकि 9 से 17 मार्च तक विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। 18 मार्च को विनियोग विधेयक पारित होने की संभावना है।

सदन की कार्यवाही के लिए विधायकों की ओर से भारी उत्साह देखा जा रहा है। सचिवालय को कुल 2813 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें 1437 तारांकित और 1378 अतारंकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ध्यानाकर्षण की 61, शून्यकाल की 9 और याचिकाओं की 112 सूचनाएं मिली हैं। नियम 139 के तहत लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए भी एक सूचना प्राप्त हुई है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *