इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में लापरवाही का
बड़ा मामला सामने आया है। अस्पताल के NICU वार्ड में चूहों ने दो नवजात शिशुओं
के हाथ कुतर दिए। यह घटनाएं रविवार और सोमवार को हुईं, जिसके बाद
अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
कैसे हुई घटनाएं?
- रविवार को पहली बार एक नवजात पर चूहे ने हमला किया।
- सोमवार को दूसरी घटना सामने आई, जिसके बाद स्टाफ ने वरिष्ठ डॉक्टरों को सूचना दी।
- दोनों नवजातों को तत्काल इलाज के लिए विशेष निगरानी में रखा गया है।
प्रशासन की लापरवाही उजागर
अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. अशोक यादव ने बताया कि अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल पिछले पांच सालों से नहीं हुआ। परिजन वार्ड में खाने-पीने का सामान ले आते हैं, जिससे चूहों की संख्या बढ़ी है।
अस्पताल प्रशासन ने अब खिड़कियों पर लोहे की मजबूत जालियां लगवाने और मरीजों के तीमारदारों को बाहरी खाद्य सामग्री लाने से मना करने के निर्देश दिए हैं।
चूहों की भरमार, पेस्ट कंट्रोल की तैयारी
डॉ. ब्रजेश लाहोटी ने बताया कि पूरे अस्पताल और आसपास चूहों की भारी संख्या है। NICU में चूहों की आवाजाही रोकने और बड़े स्तर पर पेस्ट कंट्रोल करने की योजना बनाई जा रही है।
अस्पताल प्रशासन का दावा है कि नवजातों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और परिजनों को भयभीत होने से बचाने के लिए सीमित जानकारी दी गई है।