उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट, छत्तीसगढ़ में 28 नवंबर तक बढ़ेगी सर्दी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार रात से उत्तरी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। यह स्थिति 28 नवंबर तक बनी रह सकती है, जिसमें तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने का अनुमान है। इस अवधि में कई शहरों में पारा सामान्य से कम दर्ज हो सकता है। हवा की दिशा में परिवर्तन के चलते प्रदेश में ठंड की वापसी की संभावना बढ़ी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ का सबसे ठंडा शहर अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीत लहर को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि न्यूनतम तापमान में गिरावट का रुझान 27 से 28 नवंबर तक जारी रहेगा, जिसका कारण उत्तर दिशा से आ रही ठंडी और शुष्क हवा है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *