मुंबई। टेलीविजन इंडस्ट्री में दुख की लहर है। लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ में
वर्षा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री प्रिया मराठे का लंबी बीमारी के
बाद निधन हो गया। वे 38 वर्ष की थीं।
प्रिया मराठे कैंसर से लंबे समय से जूझ रही थीं। उन्होंने रविवार, 31 अगस्त को मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से टीवी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसक शोक में डूब गए हैं।

कैंसर के साथ थी लंबी लड़ाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिया को कुछ साल पहले कैंसर की जानकारी मिली थी और वह इसका इलाज करवा रही थीं। एक समय ऐसा भी आया जब वह इस बीमारी से उबरती हुई नजर आईं, लेकिन कुछ समय पहले बीमारी ने फिर से उनपर हमला बोल दिया और उनका शरीर इलाज को प्रतिक्रिया देना बंद कर चुका था।
‘पवित्र रिश्ता’ में निभाया था यादगार रोल
प्रिया मराठे को टीवी इंडस्ट्री में उनके नकारात्मक भूमिकाओं के लिए जाना जाता था। उन्होंने स्टार प्लस के मशहूर शो ‘पवित्र रिश्ता’ में अंकिता लोखंडे की बहन ‘वर्षा’ का किरदार निभाकर काफी लोकप्रियता हासिल की थी। इसके अलावा उन्होंने कई मराठी टीवी शोज और फिल्मों में भी काम किया। उन्हें आखिरी बार 2023 में मराठी शो ‘तुझच मी गीत गात आहे’ में देखा गया था।
पर्सनल लाइफ
प्रिया मराठे ने अपने लंबे समय के साथी और लोकप्रिय अभिनेता शांतनु मोघे से शादी की थी। प्रिया सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय थीं और उनके इंस्टाग्राम पर 6 लाख से भी ज्यादा फॉलोअर्स थे। उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट 11 अगस्त 2024 का था।

उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को उनकी इस कठिन घड़ी में संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।