मासूम की संदिग्ध मौत: बंद पड़ी कोयला खदान में नग्न अवस्था में मिला 7 वर्षीय बच्चे का शव, हत्या की आशंका

शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पांच दिनों से लापता 7 वर्षीय मासूम बच्चे का शव बंद पड़ी कोयला खदान में भरे पानी से बरामद किया गया है। बच्चे का शव नग्न अवस्था में मिलने से मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतक बच्चे की पहचान झिल्ली दफाई निवासी ऋतिक कोल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, ऋतिक पांच दिन पहले अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने धनपुरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के साथ-साथ परिजन और स्थानीय लोग भी बच्चे की खोज में जुटे हुए थे। जानकारी देने वाले के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी।

इसी बीच शुक्रवार को बगैय्या नाला के पास स्थित एक बंद कोयला खदान में भरे पानी में बच्चे का शव तैरता हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शव की हालत और नग्न अवस्था में मिलने से परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। वहीं, पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है। धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि बच्चे की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *