तमिलनाडु में सत्ता पर सस्पेंस, विजय की TVK ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच विजय की पार्टी TVK ने बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए साफ कर दिया है कि अगर राज्य में DMK या AIADMK की सरकार बनी तो पार्टी के सभी विधायक सामूहिक इस्तीफा दे देंगे। इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

तमिलगा वेत्री कझगम यानी TVK विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटों पर जीत दर्ज की, लेकिन इसके बावजूद अभी तक सरकार बनाने का न्योता नहीं मिला है। राज्यपाल ने विजय को दो बार बहुमत साबित करने के लिए कहा है और स्पष्ट किया है कि सरकार गठन के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी होगा।

विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते हैं, लेकिन नियमों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। ऐसे में TVK की प्रभावी संख्या 107 रह जाएगी। कांग्रेस के पांच विधायक पार्टी को समर्थन दे चुके हैं, जिससे आंकड़ा 112 तक पहुंच गया है। हालांकि बहुमत के लिए अभी भी छह विधायकों की जरूरत बनी हुई है।

सरकार बनाने के लिए TVK क्षेत्रीय दलों के संपर्क में है। पार्टी की नजर VCK और वाम दलों के विधायकों पर टिकी हुई है। VCK और लेफ्ट पार्टियों के पास दो-दो विधायक हैं। वहीं मुस्लिम लीग, जिसके पास दो विधायक हैं, उसने अभी समर्थन को लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले कुछ दिन तमिलनाडु की राजनीति के लिए बेहद अहम साबित हो सकते हैं। अगर समर्थन जुटाने में विजय सफल रहते हैं तो राज्य में पहली बार TVK की सरकार बन सकती है। वहीं समर्थन नहीं मिलने की स्थिति में संवैधानिक और राजनीतिक संकट और गहरा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *