दुर्ग पुलिस का रात्रिकालीन सख्त अभियान, 6 प्रमुख चौक-चौराहों पर चली सघन जांच

रमेश गुप्ता भिलाई…जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और रात्रिकालीन अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से गुरुवार देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक जिले के छह प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस ने सघन वाहन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी और अड्डेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की।
6 प्रमुख स्थानों पर चला विशेष अभियान
पुलिस द्वारा अंजोरा चौक, मुर्गा चौक भिलाई भट्टी, जेल तिराहा पद्मनाभपुर, गदा चौक सुपेला, बोरदा पुलिया जामुल और उरला चौक मोहन नगर में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान में थाना पुलिस, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग की संयुक्त टीमों ने मोर्चा संभाला।


वाहनों की डिक्की से लेकर संदिग्धों की तलाशी
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग की गई। वहीं देर रात सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों, मादक पदार्थों के परिवहन, धारदार हथियार रखने वाले लोगों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी।
अड्डेबाजों और हुड़दंगियों पर कार्रवाई
रात्रिकालीन अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और हुड़दंग करते पाए गए 13 लोगों के खिलाफ धारा 36(च) पुलिस एक्ट के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें थाना भिलाई नगर क्षेत्र में 8, नेवई क्षेत्र में 3 और वैशाली नगर क्षेत्र में 2 लोगों पर कार्रवाई की गई।
आम लोगों को भी दी गई समझाइश
पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की समझाइश भी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस टीमों की रही अहम भूमिका

इस विशेष अभियान में भिलाई नगर थाना पुलिस, नेवई थाना पुलिस, वैशाली नगर थाना पुलिस, सुपेला थाना पुलिस, जामुल थाना पुलिस, मोहन नगर थाना पुलिस, यातायात पुलिस एवं रक्षित केंद्र दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि देर रात सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से एकत्रित न हों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अपराध और अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *