रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने शहीद आकाश राव गिरपुंजे की कर्तव्यपरायणता और बलिदान का सम्मान करते हुए उनकी पत्नी स्नेहा गिरपुंजे को पुलिस विभाग में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। अब स्नेहा अपने पति के पदचिन्हों पर चलते हुए खाकी वर्दी पहनकर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करेंगी।
इस अवसर पर श्रीमती स्नेहा गिरपुंजे ने भावुक होते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उनके पति आकाश राव गिरपुंजे का मूल धर्म और लक्ष्य देश एवं राज्य की सेवा करना था।
स्नेहा गिरपुंजे ने आगे कहा कि अब तक उन पर केवल घर की जिम्मेदारी थी, लेकिन अब वह घर के साथ-साथ राज्य की सेवा में भी अपना शत-प्रतिशत योगदान देंगी। उन्होंने प्रदेश सरकार को आश्वस्त किया कि जिस विश्वास के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व सौंपा गया है, वह उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरी उतरेंगी।
राज्य सरकार के इस निर्णय की सराहना की जा रही है, क्योंकि यह न केवल एक शहीद परिवार को संबल प्रदान करता है, बल्कि समाज में राष्ट्र सेवा के प्रति सकारात्मक संदेश भी देता है। गिरपुंजे परिवार ने सरकार के इस संवेदनशील कदम को शहीद के बलिदान का सच्चा सम्मान बताया है।