Ramesh Gupta भिलाई । जामुल थाना क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के पास स्थित एक दुकान में दिनदहाड़े हुई नगदी चोरी की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 99 हजार 500 रुपए बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दुर्गा मंदिर जामुल निवासी दुकान संचालक ओम प्रकाश साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जून को सुबह करीब 11:35 बजे वह दुकान खोलकर कुछ दूरी पर गया था। वापस लौटने पर दुकान के ड्रॉज का ताला टूटा मिला और उसमें रखे 1 लाख 23 हजार रुपए नकद गायब थे। अज्ञात चोर द्वारा चोरी किए जाने की सूचना पर जामुल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही मोहम्मद जुनैद (21 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 99 हजार 500 रुपए नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने शेष राशि खर्च कर देने की जानकारी दी। आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आर्थिक लाभ के लिए दिया वारदात को अंजाम
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने आर्थिक लाभ प्राप्त करने की मंशा से चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
जामुल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुखबिर की सटीक सूचना और सीसीटीवी फुटेज के तकनीकी विश्लेषण के कारण आरोपी तक पहुंचना संभव हो सका। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्यप्रणाली की सराहना की है।