सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़ थाना में पदस्थ एक आरक्षक पर अवैध वसूली एवं झूठे प्रकरण में जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ को लिखित शिकायत सौंपे जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त शिकायत के अनुसार, धनेश्वरी सिदार ने आरोप लगाया है कि सारंगढ़ थाना में पदस्थ आरक्षक विमल जांगड़े उनके पति से कथित रूप से गलत कार्य कराने के नाम पर समय-समय पर ₹20,000 से ₹30,000 तक की राशि की मांग एवं वसूली करता रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 15 जुलाई 2026 को पुनः ₹30,000 की मांग की गई और राशि नहीं देने पर उनके पति को थाना ले जाकर जेल भेजने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त घटना के दौरान समाट चौक में कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। आवेदन में यह भी कहा गया है कि शिकायत करने पर संबंधित आरक्षक द्वारा यह कहा गया कि “कोई कुछ नहीं कर सकता”।
शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री एवं पुलिस महानिदेशक को भी प्रेषित किए जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है।
