बेमेतरा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती उत्सव के दौरान बेमेतरा में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ा कि विधायक दीपेश साहू सहित कई भाजपा नेता कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। यह घटना सांसद विजय बघेल की मौजूदगी में हुई।
सूत्रों के अनुसार, राज्योत्सव के मंच पर किसी बात को लेकर कलेक्टर और भाजपा जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद हो गया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कलेक्टर ने मंच पर अभद्र व्यवहार किया, जिसके विरोध में उन्होंने समारोह का बहिष्कार किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने वेटरों को डांटते हुए हटाया और उसी दौरान जनप्रतिनिधियों से भी ऊंची आवाज में पीछे बैठने को कहा। इससे नाराज नेताओं ने इसे अपमानजनक बताते हुए कार्यक्रम छोड़ दिया। विधायक दीपेश साहू ने भी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलते हुए विरोध जताया।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेता अब सांसद विजय बघेल से मुलाकात कर आगे की रणनीति तय करेंगे। फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।