बेंगलुरु: आईपीएल 2026 में रनों की बारिश कर रहे विराट कोहली आज दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चिन्नास्वामी स्टेडियम में उतरेंगे। भले ही इस मैच से पहले उनकी फिटनेस को लेकर कुछ चर्चाएं रहीं, लेकिन फैंस को उम्मीद है कि जब ‘किंग’ कोहली अपने होम ग्राउंड पर कदम रखेंगे, तो रिकॉर्ड्स का टूटना तय है। आज के मुकाबले में विराट के निशाने पर कई ऐसे कीर्तिमान हैं, जो क्रिकेट इतिहास में अब तक कोई नहीं बना सका है।
विराट कोहली आईपीएल में अपने 300 छक्के पूरे करने से महज एक कदम दूर हैं। जैसे ही उनके बल्ले से एक छक्का निकलेगा, वह क्रिस गेल और रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हो जाएंगे। लेकिन असली रिकॉर्ड ये है कि वह किसी एक टीम (RCB) के लिए टी20 फॉर्मेट में 300 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
बन सकता है 9000 रनों का महा-रिकॉर्ड विराट के पास आज आईपीएल इतिहास में 9000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बनने का सुनहरा मौका है। फिलहाल उनके नाम 272 मैचों में 8889 रन दर्ज हैं, यानी उन्हें इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए 111 रनों की दरकार है। इसके अलावा, यदि वह आज 6 छक्के लगा लेते हैं, तो चिन्नास्वामी स्टेडियम (एक ही मैदान) पर 150 आईपीएल छक्के पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
भारत में 10 हजार टी20 रन की दहलीज पर एक और बड़ा रिकॉर्ड जो विराट का इंतजार कर रहा है, वह है भारत की धरती पर 10,000 टी20 रन पूरे करना। इसके लिए उन्हें आज 68 रनों की जरूरत है। अगर वह ऐसा कर लेते हैं, तो वह दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज होंगे जिसने किसी एक ही देश में 10 हजार टी20 रन बनाए हों। आज का मैच न केवल आरसीबी के लिए अहम है, बल्कि निजी तौर पर विराट के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है।