साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक के फैंस के लिए
बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से जिन दो सितारों की
लव स्टोरी चर्चा में रही, वह अब एक नए मुकाम पर पहुँच चुकी है।
जी हां, नेशनल क्रश कही जाने वाली रश्मिका मंदाना और टॉलीवुड के सुपरस्टार
विजय देवरकोंडा ने सगाई कर ली है।
अब फैंस उनकी शादी का इंतजार कर रहे हैं।

फरवरी 2026 में शादी
विजय देवरकोंडा की टीम ने पुष्टि की है कि रश्मिका और विजय अगले साल फरवरी 2026 में शादी के बंधन में बंधेंगे। हालांकि दोनों सितारों ने अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन नज़दीकी सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि कर दी है।
2018 से शुरू हुई थी कहानी
रश्मिका और विजय की दोस्ती साल 2018 में फिल्म गीता गोविंदम से शुरू हुई। इसके बाद 2019 में आई डियर कॉमरेड ने उनकी केमिस्ट्री और नजदीकियों को और गहराई दी। ऑन-स्क्रीन हिट जोड़ी ऑफ-स्क्रीन भी लगातार सुर्खियों में रही।
कई बार स्पॉट हुए साथ
फैंस ने कई बार दोनों को एक साथ ट्रैवल करते, इवेंट्स में दिखते और छुट्टियों पर एक जैसी लोकेशन से तस्वीरें शेयर करते देखा। यही वजह रही कि सोशल मीडिया पर लगातार उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज होती रहीं। हालांकि दोनों ने लंबे समय तक रिलेशनशिप पर चुप्पी साधे रखी।
अब छुपा नहीं, दिखा प्यार
साल 2024 में दोनों ने इंटरव्यू में यह स्वीकारा था कि वे सिंगल नहीं हैं, लेकिन पार्टनर का नाम उजागर नहीं किया। अब सगाई की खबरों ने साफ कर दिया है कि उनका रिश्ता शादी के मुकाम तक पहुंच चुका है। हाल ही में दोनों एयरपोर्ट पर एक ही कार से साथ निकलते भी देखे गए थे।

फिल्मी करियर
रश्मिका मंदाना हाल ही में फिल्म कुबेरा में नजर आई थीं, वहीं दिवाली 2025 पर रिलीज होने वाली हॉरर-कॉमेडी थामा में उनकी अहम भूमिका होगी। इसके अलावा कॉकटेल 2, द गर्लफ्रेंड और मायसा जैसी फिल्में भी उनके खाते में हैं।
वहीं विजय देवरकोंडा हाल ही में किंगडम में नजर आए, जिसे सितारा एंटरटेनमेंट्स और फॉर्च्यून फोर सिनेमा ने प्रोड्यूस किया।
फैंस में खुशी की लहर
जैसे ही सगाई की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर बधाइयों की बौछार शुरू हो गई। फैंस ने दोनों को “ड्रीम कपल” और “साउथ का पावर कपल” बताया। अब सभी की निगाहें फरवरी 2026 में होने वाली उनकी शादी पर टिकी हैं
