चिरमिरी में राममय हुआ माहौल: श्रीराम कथा में पहुंचे सीएम विष्णु देव साय, जगद्गुरु रामभद्राचार्य से लिया छत्तीसगढ़ की खुशहाली का आशीर्वाद

चिरमिरी (एमसीबी)। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के चिरमिरी में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। यहां आयोजित नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा महोत्सव में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने देश के प्रख्यात संत और प्रखर वक्ता जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज के दर्शन किए। सीएम साय ने महाराज जी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, तरक्की और खुशहाली की कामना की।

प्रदेशवासियों का बड़ा सौभाग्य: मुख्यमंत्री

कथा पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ और विशेषकर एमसीबी जिले के लोगों का बड़ा सौभाग्य है कि उन्हें इतने महान संत के मुखारविंद से भगवान श्रीराम की पावन कथा सुनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रामकथा केवल एक कहानी नहीं है, बल्कि यह हमारे पूरे समाज को आपस में जोड़ने, अच्छे संस्कार देने और इंसानियत के रास्ते पर चलने का बड़ा संदेश देती है।

अमृतमयी प्रवचन सुनने उमड़े हजारों श्रद्धालु

चिरमिरी के इस रामकथा महोत्सव में भगवान राम के भजनों और प्रसंगों को सुनने के लिए दूर-दूर से हजारों भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के दौरान पूज्य जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज ने अपने बेहद सरल और अमृतमयी प्रवचनों से प्रभु श्री राम के आदर्शों, धर्म के सच्चे मार्ग और जीवन के मूल्यों से जुड़े कई गूढ़ प्रसंगों का बड़े ही भावपूर्ण तरीके से वर्णन किया, जिसे सुनकर पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में पहुंचे कई दिग्गज नेता और मंत्री

इस बड़े धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ शासन के कई वरिष्ठ चेहरे भी शामिल हुए। मंच पर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और पर्यटन व संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे। इनके अलावा क्षेत्र के कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़े अधिकारी और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक प्रभु राम की कथा का रसपान करने पंडाल पहुंचे थे। सीएम के आगमन और संतों के सान्निध्य से पूरे चिरमिरी क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *