रायगढ़ को मिली 16 अत्याधुनिक डॉयल-112 गाड़ियां, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में रायगढ़ जिले को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन योजना के तहत जिले को 16 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) दिए गए हैं। इन वाहनों को वित्त मंत्री OP Choudhary ने पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि नई डॉयल-112 व्यवस्था से रायगढ़वासियों को किसी भी आपात स्थिति में पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी मदद मिलेगी। उन्होंने इसे सुरक्षा, सेवा और सुशासन की दिशा में सरकार की बड़ी पहल बताया।

कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान महापौर Jeevardhan Chauhan, कलेक्टर Mayank Chaturvedi, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पहले डायल-112 योजना सिर्फ 16 जिलों में संचालित थी, लेकिन अब इसे फेज-2 नेक्स्ट जेन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित कर दिया गया है। इस परियोजना का लोकार्पण केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने 18 मई 2026 को किया था।

उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 400 आधुनिक ERV वाहन तैनात किए गए हैं, जिनमें से 16 रायगढ़ जिले को मिले हैं। इन वाहनों में PTZ कैमरा, डैश कैमरा, GPS, मोबाइल डेटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इससे पुलिस को घटनास्थल पर तेजी से पहुंचने और त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

नई डॉयल-112 सेवा में अब सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि मेडिकल, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे सेवाओं को भी जोड़ा गया है। सभी सेवाएं एक ही नंबर 112 पर उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने आधुनिक इमरजेंसी वाहनों को रवाना किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग से आम जनता की सुरक्षा और भरोसा दोनों मजबूत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *