आवेदन पर त्वरित जांच शासकीय भूमि पर आंगनबाड़ी निर्माण की पुष्टि, अतिक्रमण प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ

अम्बिकापुर 13 जून 2026/ जिले के बतौली तहसील अंतर्गत इच्छा मृत्यु की इजाजत संबंधी प्राप्त आवेदन पर जिला प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए हल्का पटवारी से मौका जांच प्रतिवेदन एवं पंचनामा प्राप्त किया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ग्राम बटईकेला स्थित खसरा क्रमांक 1784 शासकीय मद की भूमि है तथा उक्त भूमि पर आंगनबाड़ी भवन निर्माण विभागीय स्वीकृति के आधार पर ग्राम पंचायत द्वारा कराया जा रहा है।

जांच प्रतिवेदन में यह भी स्पष्ट हुआ है कि आवेदिका के परिवार के पास ग्राम बटईकेला एवं ग्राम महेशपुर में पृथक खातों में भूमि दर्ज है। आवेदिका द्वारा जिस भूमि को निजी कब्जे की भूमि बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई गई है, वह राजस्व अभिलेख में शासकीय भूमि के रूप में दर्ज पाई गई है।

जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि शासकीय भूमि पर पूर्व में निर्मित आंगनबाड़ी भवन को हटाकर उसी स्थल पर नवीन आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इससे यह स्पष्ट हुआ कि निर्माण कार्य निर्धारित शासकीय स्थल पर ही जारी है।

आवेदन में जिन व्यक्तियों के विरुद्ध शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने के आरोप लगाए गए थे, उस संबंध में भी प्रशासन द्वारा गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया गया। उपलब्ध तथ्यों एवं शिकायत के परीक्षण उपरांत संबंधित प्रकरण तहसील न्यायालय में छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 248 के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि से संबंधित शिकायतों एवं अतिक्रमण प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा इस संबंध में कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप निराधार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *