चारामा (जनधारा न्यूज़)। ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री और देश में नकली दवाओं के बढ़ते कारोबार के विरोध में 20 मई 2026, दिन बुधवार को देशव्यापी ‘ऑल इंडिया केमिस्ट्स बंद’ का आह्वान किया गया है। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एण्ड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के इस फैसले का समर्थन करते हुए चारामा ब्लॉक सहित कांकेर जिले की सभी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।
काँकेर जिला औषधि विक्रेता संघ और चारामा मेडिकल संचालक अजीतब बंछोर के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस हड़ताल के माध्यम से केंद्र सरकार से ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री से जुड़े कानून (जीएसआर 817 दिनांक 28-08-2018) और कोविड काल के दौरान जारी नियम (जीएसआर 220 दिनांक 26-03-2020) को तुरंत वापस लेने की मांग की जा रही है।
प्रमुख मांगें जिन पर अड़ा है संगठन:
ऑनलाइन दवा की बिक्री पर पूर्ण रोक: ई-फार्मेसी के कारण स्थानीय और छोटे दवा व्यवसायियों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
नकली दवाओं से देश को बचाना: ऑनलाइन माध्यमों से बिना उचित पर्ची और बिना वेरिफिकेशन के बिक रही दवाओं से नकली दवाओं के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
मरीजों से सहयोग की अपील
कांकेर जिला औषधि विक्रेता संघ ने क्षेत्र के नागरिकों और मरीजों से अपील की है कि वे अपनी जरूरी दवाइयां पहले से ही खरीदकर रख लें। हड़ताल के दौरान मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए संगठन ने खेद जताया है। बंद के दौरान केवल आपातकालीन (Emergency) स्थिति में ही दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट: अनुप वर्मा, चारामा
ऑनलाइन दवाओं का विरोध: चारामा सहित पूरे कांकेर में 20 मई को मेडिकल स्टोर्स ठप!

17
May