नेपाल की राष्ट्रीय एयरलाइंस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारत की संप्रभुता को चुनौती देते हुए बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। एयरलाइंस ने अपने फ्लाइट नेटवर्क मैप में पूरे जम्मू-कश्मीर क्षेत्र को पाकिस्तान का हिस्सा दिखा दिया जिसके बाद भारतीय यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। इस शर्मनाक नक्शे के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर नेपाल एयरलाइंस की कड़ी आलोचना शुरू हो गई और इसे जानबूझकर किया गया भारत विरोधी कृत्य बताया गया। भारी विरोध और सोशल मीडिया पर अपनी फजीहत होते देख एयरलाइंस को आनन-फानन में विवादित पोस्ट हटानी पड़ी लेकिन तब तक इसका स्क्रीनशॉट पूरे इंटरनेट पर फैल चुका था। भारतीय उपयोगकर्ताओं ने इसे पड़ोसी देश की राष्ट्रीय एयरलाइंस द्वारा किया गया एक गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक व्यवहार करार दिया है।
खेसारी लाल यादव का फूटा गुस्सा: भारत की संप्रभुता के साथ खिलवाड़ पर घेरा, यूजर्स ने सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग
भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए नेपाल एयरलाइंस की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि नक्शे के साथ ऐसी छेड़छाड़ कोई मामूली बात नहीं है बल्कि यह सीधे तौर पर भारत को चिढ़ाने और उकसाने की कोशिश लगती है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भारत सरकार से इस मामले का कड़ा संज्ञान लेने की अपील की है और याद दिलाया कि भारत हर मुश्किल घड़ी में नेपाल का सबसे बड़ा मददगार रहा है। लोगों का कहना है कि व्यापार और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में भारत की निर्भरता के बावजूद नेपाल की सरकारी संस्था का ऐसा रुख बेहद अनुचित है। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर इंटरनेट पर #NepalAirlines ट्रेंड कर रहा है और लोग एयरलाइंस से आधिकारिक माफी की मांग कर रहे हैं।
