अम्बिकापुर/हिंगोरा सिंह। छत्तीसगढ़ पुलिस में सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर के रिक्त 341 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भर्ती के प्रारंभिक चरण के अंतर्गत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मापजोख (Physical Measurement) की प्रक्रिया आज, 06 जनवरी 2026 से पुलिस लाइन ग्राउंड, अम्बिकापुर में प्रारंभ की गई।
पहले दिन की रिपोर्ट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज पहले दिन कुल 750 अभ्यर्थियों को प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इनमें से कुल 427 अभ्यर्थी आज प्रारंभिक चरण की जांच प्रक्रिया में शामिल हुए।

भ्रष्टाचार और दलालों के खिलाफ पुलिस की कड़ी अपील
भर्ती प्रक्रिया की सुचिता बनाए रखने के लिए सरगुजा पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के लिए एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि:
भ्रामक प्रलोभन से बचें: अभ्यर्थी भर्ती के संबंध में किसी भी व्यक्ति के लालच या झांसे में न आएं।
लेन-देन एक अपराध: नौकरी के नाम पर किसी भी दलाल या असामाजिक तत्व को रकम देना और लेना, दोनों ही कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।

पारदर्शिता का भरोसा: पूरी भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता और पूर्ण पारदर्शिता का पालन किया जा रहा है। चयन केवल योग्यता के आधार पर होगा।
सरगुजा पुलिस ने सख्त लहजे में कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति भर्ती के नाम पर झांसा देने की कोशिश करता है, तो उसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दें।