रमेश गुप्ता दुर्ग । उतई थाना क्षेत्र में बिना अनुमति किए गए विरोध प्रदर्शन पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 12 अप्रैल को मिनीमाता चौक में हुए अवैध जमाव, सड़क अवरोध और पुतला दहन के प्रयास के मामले में की गई है। घटना के दौरान हुई झूमा-झटकी में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, करीब 50-60 लोग बिना वैधानिक अनुमति के मिनीमाता चौक पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। मौके पर मौजूद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वे प्रस्तुत नहीं कर सके। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क मार्ग को बाधित कर दिया और पुतला दहन का प्रयास किया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जब पुलिस ने हस्तक्षेप किया, तो झूमा-झटकी की स्थिति बन गई। इसी दौरान माचिस से आग लगाने की कोशिश में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक गिरधारी मंडावी के दोनों हाथ झुलस गए, आरक्षक अविनेश प्रताप सिंह का दाहिना हाथ जल गया, जबकि आरक्षक टिकेंद्र साहू की आंख के पास चोट आई।
इस मामले में थाना उतई में अपराध क्रमांक 200/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) और 221 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 3 मई को 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
राकेश ठाकुर (48), द्वारिका प्रसाद साहू (38), दिवाकर गायकवाड़ (41), धर्मेंद्र बंजारे (31), डिकेंद्र कुमार उर्फ राजू (58), सत्य प्रकाश कौशिक उर्फ सत्तू (31), प्रहलाद वर्मा (42) और लोचन यादव (40) — सभी निवासी उतई क्षेत्र।
बिना अनुमति प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई: 8 गिरफ्तार, पुतला दहन के दौरान 3 जवान घायल

03
May