नीदरलैंड पहुंचे पीएम मोदी, भारतीय समुदाय से बोले- लगा जैसे भारत के किसी उत्सव में आ गया हूं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के तहत यूएई के बाद नीदरलैंड पहुंच गए हैं। हेग में भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद भारतीयों का उत्साह देखकर पीएम मोदी भी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कुछ देर के लिए उन्हें लगा ही नहीं कि वह नीदरलैंड में हैं। ऐसा महसूस हो रहा था जैसे भारत में कोई बड़ा त्योहार चल रहा हो।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नीदरलैंड की तरक्की में भारतीय समुदाय का बड़ा योगदान है। यहां रह रहे भारतीय समाज और अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर भारतवासी को विदेशों में बसे भारतीयों पर गर्व है।

पीएम मोदी ने नीदरलैंड सरकार और वहां की जनता का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की तरफ से वह शुभकामनाएं लेकर आए हैं।

भारतीय संस्कृति की तारीफ

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि विदेश में रहकर भी भारतीयों ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखा है। पीढ़ियां बदल गईं, देश बदल गए, लेकिन भारतीय संस्कार नहीं बदले।

उन्होंने कहा कि भारतीयों ने डच भाषा को अपनाया, लेकिन अपनी मातृभाषा और संस्कृति को नहीं छोड़ा। यही वजह है कि भारतीय संगीत, त्योहार और परंपराएं आज नीदरलैंड के परिवारों तक पहुंच रही हैं।

16 मई का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने अपने भाषण में 16 मई 2014 को याद किया। उन्होंने कहा कि इसी दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और देश को पूर्ण बहुमत वाली सरकार मिली थी। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से जनता का लगातार समर्थन मिलना उनके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका जीवन देश सेवा को समर्पित है। जनता का सुख ही उनका सुख और देश का विकास ही उनका लक्ष्य है।

भारत के भविष्य पर भरोसा

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत बड़े सपने देख रहा है। देश अब सिर्फ बदलाव नहीं, बल्कि दुनिया में सबसे बेहतर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास और नई उपलब्धियों की ओर बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *