नई दिल्ली। देशभर में आम जनता को शुक्रवार को बड़ा महंगाई झटका लगा। केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3.25 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं। इसके बाद कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि डीजल की कीमतें भी तेजी से बढ़ी हैं।
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अब 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पहले इसकी कीमत 94.77 रुपये थी। वहीं डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद समेत कई बड़े शहरों में भी ईंधन के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कई शहरों में पेट्रोल 110 रुपये के करीब
मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 108.70 रुपये और डीजल 95.13 रुपये पहुंच गया है। वहीं हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों में पेट्रोल 110 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गया है।
जयपुर, पटना, बेंगलुरु और भुवनेश्वर में भी पेट्रोल की कीमतों में बड़ा उछाल देखा गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से निजी वाहन चालकों के साथ-साथ परिवहन क्षेत्र पर भी असर पड़ने की आशंका है।
दिल्ली-NCR में CNG भी हुई महंगी
पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी 2 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है। इसका असर ऑटो, टैक्सी और कमर्शियल वाहनों पर सीधे तौर पर पड़ेगा।
मुंबई महानगर क्षेत्र में भी एक दिन पहले सीएनजी के दाम बढ़ाए गए थे। अब मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में सीएनजी 84 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
आम जनता पर बढ़ेगा असर
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब रोजमर्रा की चीजों पर भी दिख सकता है। परिवहन महंगा होने से सब्जी, दूध और जरूरी सामानों की कीमतें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बढ़ती महंगाई को लेकर विपक्ष ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।