रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बजट 2026-27 में राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पांच महत्वपूर्ण ‘मुख्यमंत्री मिशन’ शुरू करने की घोषणा की है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में जानकारी दी कि इन पांचों मिशनों के लिए प्रतिवर्ष 100-100 करोड़ रुपये, यानी कुल 500 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया जाएगा।
सरकार ने भविष्य की तकनीक को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) मिशन की घोषणा की है, जिसके तहत एआई से संबंधित शोध और तकनीकी विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। पर्यटन के क्षेत्र में राज्य की पहचान वैश्विक स्तर पर बनाने के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन पर काम होगा। वहीं, खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन संचालित किया जाएगा।
अधोसंरचना विकास की दिशा में मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन के माध्यम से प्रदेश में समावेशी विकास के कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं को उद्यमी बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्टार्टअप निपुण मिशन शुरू किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार चाहने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनाना है। इन पांचों मिशनों के माध्यम से सरकार तकनीक, पर्यटन, खेल, बुनियादी ढांचे और उद्यमिता को नया आयाम देने की तैयारी में है।