( हिंगोरा सिंह )
पूर्व उपमुख्यमंत्री की पहल…लखनपुर – सरगुजा को मिलेगा बाईपास, लेमरू क्षेत्र में बनेगी वन्यजीव-अनुकूल फोरलेन सड़क… टी.एस. सिंहदेव ने केंद्रीय मंत्री गडकरी का जताया आभार ।
( अम्बिकापुर ) पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की पहल पर अम्बिकापुर–कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन में उन्नत करने की योजना में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भेजे गए सुझाव पत्र के बाद अब लखनपुर नगर में बाईपास के साथ-साथ लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र में वन्यजीव-अनुकूल सड़क का निर्माण किया जाएगा।
ज्ञात हो कि अम्बिकापुर से कटघोरा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 को फोरलेन में बदलने की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है ।
और इसके लिए डी.पी.आर. (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। यह मार्ग सरगुजा, सूरजपुर और कोरबा जिलों के वन क्षेत्रों से होकर गुजरता है, जिसमें लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र भी शामिल है।
लखनपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बाईपास के अभाव के कारण भारी यातायात नगर के बीच से गुजरता है।
जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस समस्या को देखते हुए श्री सिंहदेव ने 8 मार्च को केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर दो प्रमुख सुझाव दिए थे — पहला, लखनपुर में बाईपास का निर्माण और दूसरा, लेमरू क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण।
उन्होंने अपने पत्र में सुझाव दिया था कि इस फोरलेन सड़क को भारतमाला परियोजना के मानकों के अनुसार बनाया जाए ।
जिसमें वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए एनिमल बैरिकेडिंग और पर्याप्त संख्या में अंडरपास शामिल हों।
इन सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने 20 अप्रैल को डी.पी.आर. तैयार कर रही सलाहकार संस्था को आवश्यक संशोधन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
साथ ही इस निर्णय की जानकारी श्री सिंहदेव को भी दी गई है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के निवासियों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है।