विधायक अमर अग्रवाल द्वारा दयालबंद चौक स्थित नए आधार सेवा केंद्र का हुआ शुभारंभ

0 आधार वर्तमान समय के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज 0
0 महासमुंद जिला के आधार गाइड भी हुवे शामिल 0
दिलीप गुप्ता
सरायपाली= शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दयालबंद चौक स्थित श्री गणेश टावर में स्थापित नए आधार सेवा केंद्र का भव्य शुभारंभ विधायक अमर अग्रवाल के हाथों उद्घाटित किया गया। इस अवसर पर UIDAI के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, आधार सेवा केंद्र संचालक, गणमान्य नागरिक एवं आधार सेवाओं से जुड़े कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अपने संबोधन में विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में आधार प्रत्येक नागरिक के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में शहर के मध्य क्षेत्र में आधुनिक आधार सेवा केंद्र की स्थापना से नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा आधार संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
नव स्थापित इस आधुनिक केंद्र में नया आधार पंजीयन, नाम, जन्मतिथि (DOB), जेंडर एवं पता संशोधन, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट सहित आधार से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही UIDAI अधिकारियों की उपस्थिति में लिमिट क्रॉस से संबंधित प्रकरणों सहित अन्य जटिल आधार अपडेट कार्यों का भी निराकरण किया जाएगा।


कार्यक्रम के दौरान UIDAI अधिकारी श्री खुर्शीद आलम द्वारा आधार कार्य में लगे कर्मचारियों को UIDAI के नवीन दिशा-निर्देशों, नियमों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वहीं आधार सेवाओं के गुणवत्तापूर्ण संचालन हेतु कर्मचारियों को श्री पुणेद साहू द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिससे नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में महासमुंद जिले से आधार गाइड एवं उनकी टीम ने भी सहभागिता की। आधार गाइड टीम की ओर से चेतराम पटेल, युगल किशोर पाणी एवं अनु यादव उपस्थित रहे। टीम ने UIDAI अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। विशेष रूप से ऐसे 5 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया गया जिनके माता-पिता का निधन हो चुका है तथा वे अपने दादा-दादी या अन्य अभिभावकों के संरक्षण में रह रहे हैं, लेकिन आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में उनका आधार पंजीयन नहीं हो पा रहा है। इस विषय पर उच्च अधिकारियों ने सकारात्मक चर्चा कर उचित समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही करने तथा जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान आधार गाइड टीम अपने साथ लगभग दो वर्षों से आधार निरस्तीकरण (Cancelled Aadhaar) एवं बायोमेट्रिक मिसमैच जैसी समस्याओं से जूझ रहे हितग्राहियों को भी लेकर पहुंची। UIDAI अधिकारियों एवं केंद्र के सहयोग से संबंधित हितग्राहियों को मौके पर सेवाएं प्रदान कर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया।
उद्घाटन समारोह में UIDAI की हैदराबाद एवं नई दिल्ली से आई टीम की विशेष उपस्थिति रही। अधिकारियों ने नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध आधार सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में आधार गाइड एवं उनकी पूरी टीम ने इस सफल आयोजन के लिए विधायक अमर अग्रवाल , UIDAI, प्रोटीन (Protean) कंपनी, आधार सेवा केंद्र प्रबंधन तथा सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। टीम ने विश्वास व्यक्त किया कि इस नए आधार सेवा केंद्र के प्रारंभ होने से बिलासपुर शहर सहित आसपास की तहसीलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं का सीधा लाभ प्राप्त होगा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *