आरंग के ग्राम कोसमखुंटा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां एक कलयुगी पड़ोसी ने इंसानियत को पूरी तरह शर्मसार कर दिया। आरोपी डागेश्वर साहू पहले से ली हुई सीढ़ी वापस करने के बहाने महिला के घर में घुसा और उसे अकेला पाकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। महिला द्वारा साहसिक विरोध किए जाने पर आरोपी इस कदर बौखला गया कि उसने पीड़िता का गला दबाकर उसे जमीन पर पटक दिया और जान से मारने की धमकी दी। हैवानियत यहीं नहीं रुकी और आरोपी ने पास रखे फावड़े से महिला के सिर पर हमला कर दिया और फिर जेब से आरी का ब्लेड निकालकर उसके गले पर घातक वार किए।
मौत को मात देकर पीड़िता ने बयां की दास्तां और पुलिस ने दबोचा आरोपी
आरोपी महिला को मृत समझकर मौके से फरार हो गया था लेकिन होश आने पर पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए घिसटते हुए दरवाजे तक पहुंचकर शोर मचाया जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई और भागने की फिराक में लगे 40 वर्षीय आरोपी डागेश्वर साहू को घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया फावड़ा और आरी ब्लेड भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को 28 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।