गरियाबंद जिले में नक्सलवाद का पूर्ण सफाया, सुरक्षाबलों ने मार गिराए शीर्ष कैडर के 31 माओवादी

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के निरंतर अभियानों और सटीक रणनीति के परिणामस्वरूप गरियाबंद जिले से नक्सलवाद का अंत हो गया है। जवानों ने घने जंगलों की दुर्गम चुनौतियों का सामना करते हुए माओवादियों के विरुद्ध निर्णायक युद्ध लड़ा, जिसके बाद अब जिले में शांति और बदलाव का नया सवेरा हुआ है। वर्ष 2024 से नक्सलवाद के उन्मूलन तक सुरक्षाबलों ने 7 टॉप कैडर सहित कुल 31 माओवादियों को ढेर किया है। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी के सदस्य चलपति और मनोज उर्फ मोडेम बालाकृष्णना जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त राज्य की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 29 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।

नक्सलवाद पर सुरक्षाबलों के घातक प्रहार गरियाबंद जिले में जवानों ने कई महत्वपूर्ण मुठभेड़ों में सफलता प्राप्त की। 25 जनवरी 2024 को टोरीभुई सिकासेर क्षेत्र में हुई कार्रवाई में माड़ एरिया की कंपनी नंबर 5 की सदस्य पार्वती को मार गिराया गया। इसके पश्चात पिछले वर्ष 19 से 23 जनवरी के मध्य बेसराझर-भालूडिग्गी के पहाड़ों में पांच दिनों तक चली मुठभेड़ में सीसी सदस्य चलपति, सत्यम गावडे, जयराम उर्फ गुड्डू और आलोक सहित 16 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया गया। वहीं 11-12 सितंबर 2025 को मेटाल-भालूडिग्गी के पहाड़ों में हुई एक अन्य बड़ी मुठभेड़ में सीसी सदस्य मनोज उर्फ मोडेम बालाकृष्णना, प्रमोद उर्फ पाण्डू और विमल सहित 10 माओवादी मारे गए।

डीजीएन डिवीजन का हुआ अंत नक्सलवाद समाप्ति की समय सीमा के भीतर वर्ष 2025 और 2026 की कुछ तिथियां ऐतिहासिक सिद्ध हुईं। गरियाबंद में 7 नवंबर 2026 को उदंती एरिया कमेटी, 19 जनवरी 2026 को एसडीके और सीनापाली एरिया कमेटी ने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद 23 जनवरी 2026 को सीतानदी एरिया कमेटी ने धमतरी में आईजी के समक्ष सरेंडर किया, जिसके साथ ही इस क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों का अध्याय समाप्त हो गया।

नक्सली ठिकानों से बरामदगी का विवरण सुरक्षाबलों ने अभियानों के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, माओवादियों से 31 ग्रेडेड हथियार और 44 अन्य हथियारों सहित कुल 75 हथियार जब्त किए गए। विस्फोटक सामग्री में 304 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 22 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 14 आईईडी बम, लगभग 114.49 मीटर कॉर्डेक्स वायर और 89 बीजीएल सेल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नक्सलियों के पास से कुल 1,08,81,500 रुपये की नकद राशि भी बरामद की गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *