जिला सत्र न्यायालय सहित जिले के समस्त राजस्व न्यायालयों में होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
कोरिया, 08 मई 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 09 मई 2026 को प्रातः 10 बजे से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुण्ठपुर, जिला-कोरिया, सिविल न्यायालय मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, जनकपुर एवं जिले के समस्त राजस्व न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों का सौहार्दपूर्ण वातावरण में निराकरण किया जाएगा। लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक, दीवानी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, बैंक एवं विद्युत संबंधी मामले, निष्पादन प्रकरण, पारिवारिक विवाद सहित ऐसे बैंक संबंधी मामलों का भी निराकरण किया जाएगा, जो अभी न्यायालय में प्रस्तुत नहीं हुए हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु विगत दो माह से तैयारियाँ की जा रही हैं। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री योगेश पारीक द्वारा सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ता संघ, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन से अपील की गई है कि जिनके भी राजीनामा योग्य प्रकरण न्यायालयों में लंबित हैं, वे संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने प्रकरणों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण कराएं।