एमडी ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़: स्कूल संचालक निकला तस्कर, दो युवतियों सहित चार गिरफ्तार

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में कनाड़िया थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने भोपाल निवासी अबान शकील समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि अबान शकील एक स्कूल का प्रिंसिपल है, जो लग्जरी लाइफस्टाइल के साथ-साथ नशीले पदार्थों की तस्करी में भी सक्रिय रूप से शामिल था। पुलिस ने उसकी थार वाहन को भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल ड्रग्स सप्लाई में किया जा रहा था।

कनाड़िया पुलिस ने 12 जनवरी 2026 को अबान शकील को 5.15 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसने वैभव उर्फ अरुण उर्फ बाबा शर्मा का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने डीपीएस स्कूल बायपास के पास खड़ी एक बिना नंबर की इको स्पोर्ट कार की जांच की। पुलिस को देखकर चालक फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान वैभव उर्फ बाबा शर्मा, निवासी महालक्ष्मी नगर, इंदौर के रूप में हुई।

कार की तलाशी के दौरान वैभव के साथ मौजूद दो युवतियों—रिशु झा उर्फ नेहा और अलीशा मसीह उर्फ जैनी—के पास से भी एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की आड़ में हाई-प्रोफाइल पार्टियों का आयोजन करते थे और बार व क्लबों में ऊंचे दामों पर ड्रग्स की सप्लाई करते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चेकिंग से बचने और युवाओं तक आसानी से पहुंच बनाने के लिए गिरोह में युवतियों को शामिल किया गया था।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों के संबंध गोवा सहित अन्य राज्यों के पब, बार और क्लबों से जुड़े पाए गए हैं। इंदौर के कई क्लबों में ड्रग्स सप्लाई को लेकर पुलिस की पूछताछ अभी जारी है। चारों आरोपियों के खिलाफ थाना कनाड़िया में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 15.95 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक थार वाहन और एक इको स्पोर्ट कार जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान सप्लाई सोर्स और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। इंदौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशा मुक्त समाज की दिशा में सख्त कार्रवाई जारी रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *