:विशाल ठाकुर:
धमतरी महापौर रामू रोहरा को प्रदेश नेतृत्व ने बिलासपुर संभाग प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पूरे छत्तीसगढ़ में वे अकेले ऐसे महापौर हैं जिन्हें संभागीय स्तर की यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है, जो उनके संगठनात्मक कौशल और प्रभाव को रेखांकित करती है। धमतरी आने पर सुबह उनका पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, संगठनों, सर्व समाज ने घड़ी चौक पर स्वागत किया।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने रोहरा के नेतृत्व, लगातार सक्रियता, जनसंपर्क और संगठन विस्तार में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी है। माना जा रहा है कि पार्टी में महापौर की इस भूमिका से उनके राजनीतिक कद में और उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे पहले वह प्रदेश महामंत्री का दायित्व बखूबी से निभा चुके है।
इसके साथ ही पार्टी के भीतर यह संदेश भी गया है कि रोहरा भविष्य में प्रदेश की राजनीति में और मजबूत स्थान बनाते हुए दिखाई देंगे।
रोहरा की इस नियुक्ति ने धमतरी की राजनीतिक स्थिति को भी मजबूत कर दिया है। सत्ता और संगठन के बीच उनकी पकड़ को देखते हुए स्थानीय नेतृत्व में यह चर्चा तेज है कि—
“धमतरी का विकास अब और तेज होगा, क्योंकि महापौर का प्रभाव प्रदेश स्तर पर मजबूती से स्थापित हो गया है।”
विशेषज्ञ मानते हैं कि बड़े स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से धमतरी नगर निगम के विकास कार्यों को भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। नगर के राजनीतिक विरोधियों को इस पदोन्नति से चुनौती और झटका दोनों महसूस हो रहा है
बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद जब महापौर रोहरा आज धमतरी लौटे, तो शहर के मकई चौक में उनका भव्य स्वागत किया गया।कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पमालाओं से लाद दिया, ढोल-नगाड़े बजे और नारेबाजी के बीच पूरा चौक उत्साह से भर गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, पार्षद, व्यापारी और आम नागरिक मौजूद रहे। भीड़ का उत्साह इस बात का संकेत था कि शहर अब महापौर के इस राजनीतिक उत्थान को धमतरी की उपलब्धि के रूप में देख रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महापौर रोहरा ने जनता और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा—
“यह जिम्मेदारी सिर्फ मेरा सम्मान नहीं, बल्कि धमतरी की प्रतिष्ठा में वृद्धि है। संगठन ने जो भरोसा जताया है, उसे निभाने की पूरी जिम्मेदारी मेरी है। मैं धमतरी के विकास और संगठन की मजबूती—दोनों पर समान रूप से काम करता रहूंगा।” उन्होंने आगे कहा कि संभागीय स्तर पर संगठन की रणनीति मजबूत करने और बूथ स्तर पर भी सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।