वाराणसी: जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के लच्छापुर गांव में एक युवक ने अपनी ही भाभी की कुल्हाड़ी से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। सनसनीखेज बात यह है कि हमला करने के बाद आरोपी ने महिला के पैर का एक हिस्सा भी शरीर से काटकर अलग कर दिया। पुलिस ने आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है।
मामूली विवाद और फिर खूनी खेल
सुजीत पटेल अपनी पत्नी पूनम (32 वर्ष) और छोटे भाई अजीत के साथ एक ही घर में रहते थे। शनिवार को पूनम और उसके देवर अजीत के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अजीत ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और अपनी भाभी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पूनम घर के दरवाजे पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ी, लेकिन आरोपी का मन इतने से भी नहीं भरा और उसने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।
शादी की जिद बनी हत्या की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में जो वजह सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। बताया जा रहा है कि आरोपी अजीत अपनी भाभी की सगी बहन से शादी करना चाहता था। वह इसके लिए घर में लगातार दबाव बना रहा था, लेकिन पूनम इस शादी के खिलाफ थी। भाभी का यही विरोध देवर को खटक रहा था। शनिवार को इसी बात पर फिर से झगड़ा हुआ और अजीत ने अपनी भाभी को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला ले लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
पूनम की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने गंभीर हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति सुजीत और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।