भोपाल में दरिंदगी; वर्चस्व की जंग में युवक को निर्वस्त्र कर बेल्ट से पीटा, फिर चेहरे पर किया पेशाब

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शबरी नगर इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां अपराधियों ने न केवल एक युवक की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसके साथ ऐसी घिनौनी हरकत की जिसे सुनकर हर कोई दंग है। आरोपियों ने पीड़ित को निर्वस्त्र कर पीटा और फिर उसके चेहरे पर पेशाब कर दिया।

वर्चस्व की लड़ाई और गैंगवार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी वारदात दो गुटों के बीच इलाके में अपना दबदबा कायम करने की सनक का नतीजा है। पीड़ित की पहचान यश उर्फ भय्यू के रूप में हुई है, जो कुख्यात बदमाश उमेश बम लहरी का करीबी बताया जा रहा है। आरोपी गुट का मकसद उमेश की गैंग का खौफ खत्म कर खुद का वर्चस्व बनाना था।

जेल से छूटते ही की वारदात

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि वारदात में शामिल मुख्य आरोपी हाल ही में जेल से बाहर आए थे। आरोपी प्रेम थापा 2 महीने पहले भोपाल जेल से, रोहित पंवार 20 दिन पहले बाल संप्रेक्षण गृह से और गट्टू पिस्टल महज 10 दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया है। जेल से बाहर निकलते ही इन बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए इस बर्बर घटना को अंजाम दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल किया वीडियो

बदमाशों ने यश को घेरकर एक सुनसान इलाके में ले जाकर बेल्ट से जमकर पीटा। क्रूरता की हदें पार करते हुए उन्होंने पीड़ित के मुंह पर पेशाब भी किया। आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और अपनी दहशत कायम करने के लिए इसे खुद ही सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *