रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के पास धान से लदा एक अनियंत्रित ट्रक कार के ऊपर पलट गया। इस दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक और कार दोनों बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक का पट्टा अचानक टूट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर बगल में चल रही कार पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान बलौदाबाजार निवासी राजकुमार शर्मा, पद्मा और प्रवीण के रूप में हुई है। प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।