हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर लगाया पाकिस्तानी सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने का आरोप

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने अपने परिवार पर विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से मिली झूठी जानकारी के आधार पर उनकी पत्नी के खिलाफ मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने इन झूठे आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि असम चुनावों को प्रभावित करने के उद्देश्य से ये आरोप लगाए गए हैं, जिसके लिए आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान हो सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कोई भी मामूली शुल्क देकर किसी के भी नाम से फर्जी कंपनी पंजीकृत करा सकता है और कांग्रेस इसी तरह की साजिश रच रही है। उन्होंने गौरव गोगोई पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान किस तरह असम चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है, यह एक गंभीर विषय है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री की पारिवारिक संपत्ति और वित्तीय लेन-देन पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि मुख्यमंत्री की पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट हैं और वे दोहरी नागरिकता रखती हैं। इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे विदेशी ताकतों और विपक्ष की मिलीभगत करार दिया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *