गूगल ने लॉन्च किया Gemma 4 AI: अब बिना इंटरनेट स्मार्टफोन पर भी करेगा काम

कैलिफोर्निया। तकनीकी दिग्गज गूगल ने अपनी नई ओपन सोर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल सीरीज ‘Gemma 4’ को वैश्विक स्तर पर लॉन्च कर दिया है। यह नया मॉडल डेटा सेंटर से लेकर आपके स्मार्टफोन तक हर जगह काम करने में सक्षम है। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और डीपमाइंड के प्रमुख डेमिस हसाबिस ने इसे डेवलपर्स के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया है।

इस एआई की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिना इंटरनेट के भी सीधे डिवाइस पर ही काम कर सकता है, जिससे डेटा पूरी तरह सुरक्षित और प्रोसेसिंग सुपरफास्ट रहती है।गूगल ने Gemma 4 को चार अलग-अलग श्रेणियों में पेश किया है। इनमें E2B और E4B मॉडल विशेष रूप से स्मार्टफोन और छोटे गैजेट्स (IoT) के लिए बनाए गए हैं।

मध्यम स्तर के कार्यों के लिए 26B मॉडल और सबसे जटिल व भारी काम के लिए 31B डेंस मॉडल लॉन्च किया गया है। कंपनी का दावा है कि 31B मॉडल ने कई बड़े एआई मॉडल्स को पीछे छोड़ दिया है, जबकि इसका साइज तुलनात्मक रूप से काफी छोटा और कुशल है।Gemma 4 केवल सवालों के जवाब ही नहीं देता, बल्कि यह गणित की जटिल गुत्थियां सुलझाने, कोडिंग करने और एक साथ कई स्टेप्स वाली रीजनिंग करने में माहिर है। इसमें ‘एजेंटिक वर्कफ्लो’ का सपोर्ट दिया गया है

, जिससे यह एआई खुद ही विभिन्न टूल्स और एपीआई के साथ तालमेल बिठाकर काम कर सकता है। साथ ही यह इमेज, वीडियो और ऑडियो को समझने के साथ-साथ 140 से अधिक भाषाओं में काम करने की क्षमता रखता है। गूगल ने इसके लिए क्वालकॉम और मीडियाटेक जैसी दिग्गज चिपसेट कंपनियों के साथ हाथ मिलाया है, ताकि भविष्य में अरबों एंड्रॉइड स्मार्टफोन को बिना इंटरनेट के भी स्मार्ट बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *