गुड मॉर्निंग हैबिट्स: सुबह की ये 5 आसान आदतें आपको दिनभर रखेंगी एनर्जी से लबालब, आज ही से करें शुरुआत

morning habits। सुबह की शुरुआत अगर सही और सकारात्मक आदतों के साथ हो, तो न केवल हमारा स्वास्थ्य बेहतर रहता है बल्कि पूरे दिन कार्य करने की ऊर्जा भी बनी रहती है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अक्सर लोग सुबह जल्दबाजी में रहते हैं, जिससे शारीरिक और मानसिक थकावट जल्दी होने लगती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह के समय फोकस और ब्रीदिंग जैसी कुछ बेहद सरल आदतों को दिनचर्या में शामिल करके आप अपनी ओवरऑल वेलबीइंग (समग्र स्वास्थ्य) को शानदार बना सकते हैं। आइए जानते हैं सुबह के उन 5 आसान कामों के बारे में, जो आपको दिनभर एक्टिव और एनर्जेटिक बनाए रखेंगे:

1. मलासन में पानी पीना और हल्की स्ट्रेचिंग

सुबह सोकर उठने के बाद सबसे पहले मलासन (उकड़ू) बैठकर आराम से पानी पीना चाहिए। इसके बाद शरीर की हल्की स्ट्रेचिंग करें। दरअसल, रातभर कई घंटों तक लेटे रहने के कारण सुबह उठने पर शरीर में अकड़न और सुस्ती महसूस होती है। हल्की स्ट्रेचिंग या योग करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन (रक्त संचार) बेहतर होता है और आपकी बॉडी दिनभर की एक्टिविटीज के लिए पूरी तरह तैयार हो जाती है।

2. ब्रीदिंग एक्सरसाइज (प्राणायाम) के लिए निकालें वक्त

सुबह के समय कुछ मिनट गहरे श्वास अभ्यास को जरूर दें। इससे शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह बढ़ता है और हमारा नर्वस सिस्टम शांत होता है। ब्रीदिंग एक्सरसाइज आपको शारीरिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी ऊर्जावान बनाती है। इसके लिए आप बैली ब्रीदिंग (पेट से गहरी सांस लेना), बॉक्स ब्रीदिंग, 4-7-8 टेक्निक या अनुलोम-विलोम जैसी विधाओं को अपना सकते हैं।

3. सुबह की गुनगुनी धूप का आनंद लें

सुबह के समय थोड़ी देर हल्की धूप में बैठना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे शरीर को प्राकृतिक रूप से विटामिन डी मिलता है और मांसपेशियां सक्रिय होती हैं। नेचुरल लाइट हमारे मूड को बूस्ट करने वाले हार्मोन को बढ़ाती है। चूंकि अभी गर्मी का मौसम है, इसलिए कोशिश करें कि सुबह जल्दी उठें ताकि तेज धूप होने से पहले ही आप हल्की सनलाइट बाथ ले सकें।

4. मानसिक शांति के लिए ध्यान (मेडिटेशन)

आज के कॉम्पिटिशन और जिम्मेदारियों के दौर में शरीर के साथ-साथ हमारा मन भी थक जाता है। मानसिक थकान के कारण ओवरथिंकिंग, तनाव और एंग्जायटी जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं, जिसका सीधा असर हमारी कार्यक्षमता पर पड़ता है। जब आप मानसिक रूप से थके होते हैं, तो शरीर में सुस्ती अपने आप आ जाती है। इससे बचने के लिए रोजाना सुबह कम से कम 5 से 10 मिनट का ध्यान लगाने की आदत डालें।

5. जल्दबाजी छोड़ें, समय पर करें हेल्दी ब्रेकफास्ट

अक्सर सुबह दफ्तर या कॉलेज जाने की जल्दबाजी में लोग नाश्ता स्किप (छोड़) कर देते हैं। यह आदत धीरे-धीरे स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाती है और दोपहर होते-होते एनर्जी लेवल को बिल्कुल डाउन कर देती है। सुबह थोड़ा जल्दी जागें ताकि बिना किसी मानसिक तनाव के आप एक बढ़िया और पौष्टिक नाश्ता कर सकें। नाश्ते में हमेशा आसानी से पचने वाली और प्रोटीन व फाइबर से भरपूर चीजों को प्राथमिकता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *