गुना। मध्य प्रदेश के गुना नगर पालिका का एक आधिकारिक आदेश इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वजह कोई नीतिगत फैसला नहीं, बल्कि एक ऐसी टाइपिंग/अनुवाद की गलती है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और हंसने पर भी मजबूर कर दिया।
दरअसल, जनगणना 2026 की तैयारियों के तहत जारी कर्मचारियों की सूची में एक नाम गलत तरीके से दर्ज हो गया। सूची के एक क्रमांक पर “Girlfriend Pant” लिखा हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर लोग चौंक गए। सरकारी दस्तावेज में इस तरह का शब्द देखकर सोशल मीडिया पर मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।

ड्यूटी के लिए जारी हुई थी सूची
नगर पालिका द्वारा जनगणना 2026 के दूसरे चरण के लिए 36 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके लिए 17 से 19 अप्रैल तक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया था, जो गांधी वोकेशनल कॉलेज में आयोजित होना था। इसी प्रशिक्षण से जुड़ी आधिकारिक सूची में यह चूक सामने आई।
कैसे हुई गलती?
जांच में सामने आया कि संबंधित कर्मचारी का वास्तविक नाम “प्रेमिका पंत” है। अंग्रेजी में नाम लिखते समय “प्रेमिका” का गलत अनुवाद “Girlfriend” कर दिया गया, जो सीधे दस्तावेज में दर्ज हो गया। यही छोटी-सी गलती वायरल होकर चर्चा का बड़ा कारण बन गई।
सोशल मीडिया पर मजाक और सवाल
जैसे ही यह आदेश वायरल हुआ, लोगों ने इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने इसे मजेदार बताया, तो कई लोगों ने सरकारी दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। साथ ही, कई लोगों ने सुझाव दिया कि ऐसे दस्तावेज जारी करने से पहले सख्त प्रूफरीडिंग जरूरी है, ताकि इस तरह की गलतियों से बचा जा सके।
हालांकि यह मामला एक साधारण मानवीय त्रुटि का उदाहरण है, लेकिन इसने एक बार फिर यह दिखा दिया कि छोटी-सी चूक भी बड़े स्तर पर चर्चा का विषय बन सकती है।