Nobel Prize- साहित्य का नोबेल पुरस्कार- फ्रंसीसी लेखक एनी एरनॉक्स ने जीता

Nobel Prize

French writer Anne Arnoux won the Nobel Prize in Literature

नई दिल्ली। साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार का ऐलान कर दिया गया है.फ्रांसीसी लेखक एनी एरनॉक्स को नोबेल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में गुरुवार को साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार के लिए एनी एरनॉक्स के नाम की घोषणा की गई. नोबेल समिति ने कहा कि एरनॉक्स (82) के नाम की घोषणा, साहस और लाक्षणिक ​​तीक्ष्णता के साथ व्यक्तिगत स्मृति के अंतस, व्यवस्थाओं और सामूहिक बाधाओं को उजागर करने वाली उनकी लेखनी के लिये की जाती है.

पुरस्कार के ऐलान से पहले मुंबई में जन्मे लेखक सलमान रुश्दी को साहित्य में नोबेल पुरस्कार जीतने के लिए पसंदीदा दावेदारों में से एक बताया जा रहा था. ‘सैटेनिक वर्सेज’ के लेखक सलमान रुश्दी पर इस साल अगस्त में पश्चिमी न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में चाकू से हमला किया गया था. बता दें, साहित्य में नोबेल पुरस्कार के ऐलान के बादनोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में पुरस्कार की घोषणा 10 अक्टूबर को की जाएगी.

नोबेल की स्थापना किसने की?

एक धनी स्वीडिश उद्योगपति और डाइनामाइट के आविष्कारक सर एल्फ्रेड नोबेल की वसीहत के आधार पर चिकित्सा, भौतिकी, रसायन शास्त्र, साहित्य और शांति क्षेत्र के नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की गई थी. पहला नोबेल पुरस्कार वर्ष 1901 में सर एल्फ्रेड नोबेल के निधन के पांच साल बाद दिया गया था. अर्थशास्त्र का नोबेल, जिसे आधिकारिक तौर पर बैंक ऑफ स्वीडन प्राइज इन इकोनॉमिक साइंसेज इन मेमोरी ऑफ एल्फ्रेड नोबेल (एल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में अर्थशास्त्र में बैंक ऑफ स्वीडन पुरस्कार) नाम से जाना जाता है, उसकी स्थापना एल्फ्रेड नोबेल की वसीहत के आधार पर नहीं हुई थी, बल्कि स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने 1968 में इसकी शुरुआत की थी।

विजेताओं को क्या मिलता है?

प्रत्येक क्षेत्र के नोबेल के तहत विजेताओं को एक स्वर्ण पदक और एक प्रमाणपत्र के साथ एक करोड़ क्रोनोर (लगभग नौ लाख डॉलर) की पुरस्कार राशि दी जाती है। विजेताओं का सम्मान हर साल 10 दिसंबर को किया जाता है। 1896 में 10 दिसंबर की तारीख को ही एल्फ्रेड नोबेल का निधन हुआ था. 1901 से 2021 तक अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 609 बार नोबेल पुरस्कार प्रदान किए जा चुके हैं।

किसी प्रत्याशी को कौन नामित कर सकता है?

दुनियाभर में हजारों लोग नोबेल पुरस्कार के लिए नामांकन जमा करने के पात्र हैं। इनमें विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, कानूनविद, पूर्व नोबेल पुरस्कार विजेता और खुद नोबेल समिति के सदस्य शामिल हैं. हालांकि, नामांकन को 50 वर्षों तक गुप्त रखा जाता है, लेकिन जो लोग उन्हें जमा करते हैं, वे कभी-कभी सार्वजनिक रूप से अपनी सिफारिशों की घोषणा करते हैं, खासकर नोबेल शांति पुरस्कार के संबंध में.

नोबेल पुरस्कार जीतने के लिए क्या जरूरी है?

नोबेल पुरस्कार जीतने की चाह रखने वालों में धैर्य की सबसे ज्यादा जरूरत होती है. वैज्ञानिकों को अक्सर नोबेल पुरस्कार समिति के सदस्यों द्वारा अपने काम को मान्यता देने के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता है, जो यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कोई भी खोज या सफलता समय की कसौटी पर खरी उतरती हो. हालांकि, यह नोबेल की वसीहत के विपरीत है, जिसमें कहा गया है कि पुरस्कार उन लोगों को प्रदान किए जाने चाहिए, जिन्होंने पिछले वर्ष के दौरान मानव जाति को बड़ा लाभ प्रदान किया हो. शांति पुरस्कार समिति एकमात्र ऐसी समिति है, जो नियमित रूप से पिछले वर्ष हासिल की गई उपलब्धियों के आधार पर विजेताओं को पुरस्कृत करती है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MENU