ऑपरेशन सिंदूर को लेकर फेसबुक पर पोस्ट, भिलाई में BJP का हंगामा
यहां भी कांग्रेस नेता गिरफ्तार
भिलाई-बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर फेसबुक पर अश्लील टिप्पणी की। इसमें कांग्रेस के पूर्व विधायक अरूण तिवारी और कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने FIR के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
दुर्ग-भिलाई जिले में ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर फेसबुक पोस्ट पर अश्लील टिप्पणी करने के मामले में भाजपा नेताओं ने मंगलवार देर रात तक वैशाली नगर थाने में जमकर बवाल किया, जिसके बाद कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह की गिरफ्तारी की गई।
वहीं बिलासपुर जिले में भी कांग्रेस के पूर्व विधायक अरूण तिवारी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। अरूण तिवारी ने भी ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट किया था। भाजपा कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत की है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
आपको बता दें कि 3 दिन पहले ईश्वर दुबे नाम के व्यक्ति ने अपने फेसबुक पर ऑपरेशन सिंदूर और भाजपा को लेकर गलत टिप्पणी की थी। उसी पोस्ट पर बृजमोहन सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी।
जैसे ही इसकी जानकारी भाजपा नेताओं को लगी तो उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। मंगलवार रात शरद गुप्ता, नितेश मिश्रा, स्वीटी कौशिक समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता वैशाली नगर थाने पहुंचे। उन्होंने थाने में लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज करने की मांग की।
पीएम पर अभद्र टिप्पणी पीड़ादायक- भाजपा नेता
भाजपा नेताओं ने कहा कि बृजमोहन सिंह वैशाली नगर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके हैं। कई बड़े पदों की जिम्मेदारी संभाली है। पीएम मोदी पर इस तरह अभद्र टिप्पणी करना पीड़ादायक और अशोभनीय है।
CSP भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस दौरान भाजपा नेताओं ने जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने उनकी FIR दर्ज की। रात में ही कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह को हिरासत में लिया। इसके बाद भाजपा नेता शांत हुए और वहां से लौटे। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने जेल भेज दिया है।
कांग्रेस ने कार्रवाई का किया विरोध
कांग्रेस के भिलाई जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर का कहना है कि सभी कांग्रेसी नेता वैशाली नगर थाने आए हैं। वो लगातार पुलिस से पूछ रहे हैं कि बृजमोहन सिंह ने क्या पोस्ट किया है, क्या गलती की है। पुलिस ये भी नहीं बता रही है कि उन्हें क्यों गिरफ्तार कर रखा कहा है।
उनके बच्चे परेशान हैं, सारे लोग परेशान है। पुलिस किसी के दबाव में काम कर रही है। थाने में आकर हम पुलिस से पूछ रहे हैं कि वो किस आरोप में उन्हें हिरासत में ले रहे हैं। अगर पुलिस संतोष जनक जवाब नहीं देती को आगे इस पर कांग्रेस कड़ा रुख लेगी।